आवाज़ जनादेश / न्यूज़ ब्यूरो शिमला
हिमाचल सरकार ने प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में पानी के नए कनेक्शन के आवेदन की प्रक्रिया को सरल कर दिया है। अब उपभोक्ता ऑनलाइन कनेक्शन के लिए आवेदन कर सकेंगे। शपथपत्र भी ऑनलाइन अपलोड होगा। लोगों को कनेक्शन के लिए कार्यालय आने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उपभोक्ताओं को आधार कार्ड की कॉपी, फोन नंबर और स्थायी पते का प्रूफ देना अनिवार्य होगा। अगर कोई किरायेदार पानी का कनेक्शन लेना चाहता है तो ऐसी स्थिति में भवन मालिक का एनओसी जरूरी होगा। इससे पहले नए कनेक्शन लेने के लिए लोगों को कार्यालय जाकर यह प्रक्रिया पूरी होनी होती थी। इसके बाद ही जूनियर इंजीनियर मौके का मुआयना करते थे। प्रदेश सरकार ने हाल ही में ग्रामीण उपभोक्ताओं से भी पानी का शुल्क लेने का फैसला लिया है। पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को पानी निशुल्क दिया जा रहा था।


