आवाज़ जनादेश / न्यूज़ ब्यूरो शिमला
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में निर्दोषों की हत्या के विरोध में शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश में दूसरे दिन भी सुबह कई बाजार बंद रहे। सोलन के कारोबारियों ने सुबह 11:00 बजे तक बाजार बंद रखा। इस दौरान होटल, ढाबे, दूध, ब्रेड समेत कई दुकानें भी बंद रहीं। इससे पहले गुरुवार को जिलेभर में प्रदर्शन हुए। बद्दी में देरशाम कारोबारियों ने मशाल जुलूस निकाला। अर्की बाजार बंद रहा था। वहीं सोलन और नालागढ़ में कारोबारियों व हिंदू संगठनों ने पाकिस्तान का पुतला फूंका था।
पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में बंद रहा थुरल बाजार
बाजार कमेटी थुरल, पूर्व सैनिक कल्याण समिति व स्थानीय हिंदू संगठनों ने जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम हिल स्टेशन में हिंदुओं पर हुए आतंकवादी हमले के विरोध में शुक्रवार को बाजार बंद रखा। थुरल के दुकानदारों, हिंदू संगठनों, पूर्व सैनिक कल्याण समिति और विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधियों सहित थुरल बाजार में विशाल प्रदर्शन में हजारों लोग शामिल हुए।
शिमला पहुंचीं रजनी पाटिल, कांग्रेस आज निकालेगी कैंडल मार्च
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए लोगों के सम्मान में और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रदेश कांग्रेस शुक्रवार को शिमला में कैंडल मार्च निकालेगी। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल शिमला पहुंची हैं। कैंडल मार्च में सह प्रभारी चेतन चौहान, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री समेत मंत्रिमंडल के सभी सदस्य, विधायक, शिमला नगर निगम के महापौर, उपमहापौर सहित सभी पार्षद, अग्रणी संगठनों के सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल होंगे। कैंडल मार्च शाम 6:30 बजे शेरे पंजाब से शुरू होकर रिज मैदान पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष सम्पन्न होगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने पार्टी के सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए इस कैंडल मार्च में शामिल होने का आग्रह किया है।


