कुलदीप पठानिया बोले- हिमाचल के मुद्दों पर चर्चा के लिए विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने पर करेंगे विचार

Date:

आवाज़ जनादेश / न्यूज़ ब्यूरो शिमला

हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि वह मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष से अनुरोध करेंगे कि राज्य के मुद्दों पर चर्चा के लिए एक विशेष सत्र बुलाया जाए। यह सत्र कैमरा प्रोसिडिंग में हो सकता है। विधानसभा के नियमों में इसका प्रावधान है। यह सत्र विधानसभा के सामान्य सत्रों से अलग होगा। पठानिया ने यह बात गुरुवार को शिमला के विधानसभा परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने अपने विदेश दाैरों के अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में ऐसा बहुत कुछ है जिसे विकसित करके राज्य को मुख्यधारा में लाया जा सकता है।उन्होंने ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड व कोरिया के पहाड़ी क्षेत्रों को जिस तरह से विकसित देखा है, उसी तर्ज पर हिमाचल को भी आगे बढ़ाया जा सकता है। लेकिन इस संबंध में तमाम मुद्दों पर व्यापक विचार-विमर्श की जरूरत है। ऐसे मुद्दों पर चर्चा के लिए विशेष सत्र बुलाने का वह सत्तापक्ष व विपक्ष से अनुरोध करेंगे। उल्लेखनीय है कि कैमरा प्रोसिडिंग के तहत होने वाले विशेष सत्र में सत्तापक्ष व विपक्ष ही सदन में माैजूद होते हैं।

अब नेवा एप से जुड़ी हिमाचल विधानसभा

विधानसभा अध्यक्ष ने जानकारी दी कि हिमाचल विधानसभा को राष्ट्रीय ई-विधान एप्लीकेशन से जोड़ दिया गया है। इस एप पर देश की विभिन्न विधानसभाओं व संसद से जुड़ी कार्यवाही से जुड़े दस्तावेज माैजूद रहेंगे। शीतसत्र सत्र की कार्यवाही भी इस पर उपलब्ध करवा दी जाएगी।

आज जारी होंगी विधानसभा के शीत सत्र की अधिसूचना

विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि आज विधानसभा के शीत सत्र की अधिसूचना जारी कर दी जाएगी। यह सत्र 18 से 21 दिसंबर के बीच धर्मशाला के तपोवन में आयोजित किया जाएगा। इसे लेकर राज्यपाल की मंजूरी मिल चुकी है। अधिसूचना जारी होने के बाद विधायक विधानसभा सचिवालय को अपने सवाल भेज सकेंगे, जो इस सत्र में लगेंगे। उन्होंने कहा कि इस कैलेंडर वर्ष में विधानसभा की कुल 27 बैठकें होंगी। 12 बैठकें बजट सत्र में हो चुकी हैं जबकि 11 मानसून सत्र में हुईं। अब शीत सत्र में चार बैठकें होंगी।

हिमाचल के संदर्भ में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लोगों को कम जानकारी

पठानिया ने कहा कि जापान व दक्षिण कोरिया में अंग्रेजी बहुत कम बोली जाती है। ऐसे में हिमाचल प्रदेश से जुड़े मामलों को लेकर वहां पर स्थानीय भाषाओं में विषयवस्तु को अनुवादित किया गया व दूतावासों को उपलब्ध करवाया गया। इसमें हिमाचल के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि हिमाचल के संदर्भ में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लोगों को बहुत ज्यादा जानकारी नहीं है। जबकि यहां पर पर्यटन की अपार संभावनाए हैं। हथकरघा जैसे उत्पादों का भी खूब प्रचार-प्रसार किया जा सकता है।

हिमाचल में दलबदल पर की कार्रवाई पर सिडनी सम्मेलन में दी जानकारी

हिमाचल में दलबदल पर की कार्रवाई पर सिडनी में बेंचमार्क के रूप में प्रस्तुत किया। पठानिया ने कहा कि 5 से 9 नवंबर तक वह आस्ट्रेलिया के सिडनी में आईसीसी के कॉन्फ्रेंस हॉल में सीपीए सम्मेलन में भाग लिया। इसमें उन्हें विधानमंडलों की ओर से लिए गए बेंचमार्क निर्णयों के बारे में बात करने का अवसर दिया गया। सम्मेलन में उन्होंने हिमाचल में दलबदल कानून के तहत की गई कार्रवाई की जानकारी दी और इसे विधायिका के एक बेंचमार्क उदाहरण के ताैर पर प्रस्तुत किया।

विधानसभा अध्यक्ष के नोटिस पर हर्ष महाजन ने दिया जवाब, बोले- मैंने स्पीकर की मान-मर्यादा को ठेस नहीं पहुंचाई

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने एक सवाल के जवाब में बताया कि राज्यसभा सदस्य हर्ष महाजन को विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया गया था, जिस पर उनका जवाब आया है कि उन्होंने स्पीकर की मान मर्यादा को ठेस पहुंचाने के लिए कोई शब्द नहीं कहे हैं। पठानिया ने कहा कि चंबा की अपनी यात्रा के दाैरान महाजन ने मुझ पर कुछ व्यक्तिगत टिप्पणियां की थीं जो अध्यक्ष व सदस्य की गरिमा के खिलाफ थीं। अब जवाब आ गया है। इस पर आगामी कार्रवाई पर विचार विमर्श किया जा रहा है। कहा कि सचिवालय के कर्मचारियों के मामले में मंत्री की ओर से दिए गए विशेषाधिकार हनन नोटिस पर सरकार से मांगा गया जवाब अभी तक नहीं मिला है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

नड्डा से मिलीं भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व महामंत्री वंदना गुलेरिया, कुशलक्षेम जाना

भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व महामंत्री एवं हिमाचल...

भारी बारिश से एनएच-03 और धर्मपुर-जोगिंदरनगर मार्ग करीब तीन से चार घंटे बाधित

पारच्छु ढांक, रड़ा और कांढापतन पुल के पास सड़क...