आवाज़ जनादेश / न्यूज़ ब्यूरो शिमला
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि अपने छोटे-बड़े सभी नेताओं के भाषण और कांग्रेस का गारंटी पत्र पढक़र मुख्यमंत्री यह जान गए होंगे कि उन्होंने एक भी गारंटी पूरी नहीं की है। अब उन्हें यह भी समझ में आ जाना चाहिए कि झूठ बोलकर खुद को तसल्ली दी जा सकती है, पूरे प्रदेश को नहीं। उन्हें अपने पार्टी के रणनीतिककारों के बयानों को फिर से सुनना चाहिए कि हमने सरकार बनाने से पहले क्या घोषणाएं की थीं। अगर कांग्रेस नेताओं को उनके भाषण न मिल रहे हों, तो हमें बताएं, हम उपलब्ध करवा देंगे। जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार विपक्ष पर सारा दोष मढक़र अपना पल्ला नहीं झाड़ सकती हंै। लोकतंत्र में जवाबदेही सबसे बड़ी चीज है। जिन मुद्दों पर आप चुनकर आए हैं, उससे मुंह नहीं मोड़ सकते हैं।
उस पर आप झूठ बोलकर नहीं बच सकते हैं। धीरे-धीरे सबने सच को स्वीकार कर लिया है। कांग्रेस की जहां-जहां सरकारें हैं, उन प्रदेशों के हालात आज बहुत बुरे हैं। कई कांग्रेस शासित राज्यों ने तो स्पष्ट कह दिया कि हमसे यह नहीं हो पाएगा, लेकिन हिमाचल के मुख्यमंत्री अभी भी हार नहीं मान रहे हैं और वह झूठ पर झूठ बोले जा रहे हैं कि हमने सब कर दिया। अब सवाल यह है कि आपने सब कर दिया, तो लोगों को मिला क्यों नहीं? जो आपने किया, वह कहां किया? झूठ बोलकर मुख्यमंत्री खुद को सांत्वना देना चाहते है, तो दें, लेकिन सत्य यही है कि सत्ता हासिल करने के लिए उन्होंने प्रदेश के लोगों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया। लगभग सभी गारंटियों का यही हाल है।