हर भोजनालय, फास्ट फूड रेहड़ी पर मालिक का पहचान पत्र लगाना अनिवार्य
आवाज जनादेश / न्यूज ब्यूरो शिमला
हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने फिर दोहराया है कि हर भोजनालय, फास्ट फूड रेहड़ी पर मालिक का पहचान पत्र लगाना अनिवार्य होगा। विक्रमादित्य सिंह ने भोजनालयों को मालिकों के नाम प्रदर्शित करने का आदेश दिए जाने पर समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि हाल ही में हिमाचल प्रदेश में जो घटनाएं हुई हैं, उसमें शांतिपूर्ण माहौल बनाना हमारी जिम्मेदारी है और नगर पालिका से कहा है कि राज्य में समय-समय पर टाउन वेंडिंग कमेटियां बनाई जानी चाहिए। अगर किसी भी राज्य से लोग रोजगार के लिए हिमाचल आते हैं तो उनका स्वागत है लेकिन राज्य में आंतरिक सुरक्षा बनाए रखना हमारी जिम्मेदारी है।
विक्रमादित्य ने कहा, ‘हम चाहते हैं कि राज्य में शांति और सद्भाव बना रहे। कानून व्यवस्था भी बनी रहे, सुरक्षा, स्वच्छता के जो मुद्दे आते हैं। हमें उन पर भी नजर रखनी होगी, इसलिए हमने बैठक की और कहा कि विक्रेताओं(रेहड़ी-फड़ी) की पहचान की जाएगी, फिर चाहे वह हिमाचल का हो या हिमाचल से बाहर का। जब हमने विधानसभा में यह मुद्दा उठाया तो मुख्यमंत्री ने भी कहा कि इसके लिए एक समिति बनाई गई है जिसमें सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के नेता हैं और हम इसका(रेहड़ी-फड़ी) दीर्घकालिक समाधान निकालेंगे। प्रदेश की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा।’


