उपभोक्ताओं को मिलने वाले राशन की गुणवत्ता जांचेगे कर्मचारी, शिकायतें भी सुनेंगे
आवाज जनादेश/न्यूज ब्यूरो शिमला
हिमाचल प्रदेश के राशन डिपो में मिल रहे राशन की गुणवत्ता को जांचने के लिए केंदीय कमेटी हिमाचल का दौरा कर रही है। यह कमेटी प्रदेश के सभी डिपो का सर्व करेगी। सर्व के दौरान यह देखा जाएगा कि जो राशन लोगों को दिया जा रहा है वह पोषक तत्त्वों से लैस है या नहीं। इसके अलावा यह भी जांचा जाएगा कि राशन कार्ड उपभोक्ताओं को समय पर राशन का वितरण हो पा रहा है या नहीं। गौर हो कि कई बार डिपो के राशन में दालों, आटा व अन्य खाद्य पदार्थों में कई कमियां पाई गई हैं। खासकर पिछले दिनों चावल में प्लास्टिक नुमा चावल के दाने सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुए थे।
लोगों ने आरोप लगाया था कि दोयम दर्जे के चावल उन्हें दिए जा रहे हैं। इस सभी बातों का संज्ञान लेने के बाद केंद्रीय खाद्य आपूर्ति मंत्रालय की ओर से स्पेशल टीम हिमाचल भेजी गई है। इसके अलावा यह टीम लोगों से भी बातचीत कर जानकारी हासिल करेगी कि वह डिपो से मिलने वाले राशन से कितने संतुष्ट हैं। इस कमेटी के दौरे की खास बात यह है कि यह दल सर्वे के साथ-साथ लोगों की आपत्तियों को भी दर्ज करेगा, जिससे आने वाले समय में राशन वितरण प्रणाली को और अधिक मजबूत और सरल किया जा सके।
प्रदेश के 17 लाख राशन कार्ड धारक
हिमाचल प्रदेश के करीब 17 लाख राशन कार्ड धारकों को किफायती दरों पर राशन डिपो के माध्यय से राशन दिया जाता है। इसमें तीन दालें, तेल, आटा व चावल शामिल हैं। इनमें से कुछ लोगों को बीपीएल व अंत्योदय के तहत सस्ती दरों पर राशन दिया जाता है। केंद्र सरकार की ओर से भी ऐसे वर्गों के लिए विशेष रूप से राशन भेजा जाता है।
उपभोक्ताओं को समय पर मिल रहा राशन
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के जिला नियंत्रक पुरुषोत्तम सिंह का कहना है कि केंद्र की एक टीम डिपो में मिलने वाले राशन का सर्व करने के लिए पहुंच रही है। उम्मीद है जल्द ही जिला कांगड़ा व चंबा में यह टीम पहुंच जाएगी। मौजूदा समय में जिला कांगड़ा व चंबा के डिपो में सभी उपभोक्ताओं को समय पर राशन मुहैया करवाया जा रहा है।


