ममता की खुली धमकी; हिमंता बिस्वा बोले, दीदी आपकी हिम्मत कैसे हुई
आवाज जनादेश/न्यूज ब्यूरो शिमला
कोलकाता में डाक्टर से रेप और हत्या के बाद से पश्चिम बंगाल फिलहाल देश की राजनीति के केंद्र में है। बीजेपी के बंद और आरोप से भडक़ीं सीएम ममता बनर्जी ने चेतावनी दी है कि याद रखें, अगर बंगाल जला, तो असम, बिहार, झारखंड, ओडिशा और दिल्ली भी चुप नहीं रहेगा। ममता बनर्जी ने कोलकाता की एक रैली में केंद्र सरकार और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग अपनी पार्टी की मदद से बंगाल में आग लगा रहे हैं। माहौल बिगाड़ रहे हैं। याद रखिए… बंगाल में अगर आग लगाएंगे, तो असम भी नहीं बचा रहेगा। बंगाल अगर जलेगा, तो असम, बिहार, झारखंड, यूपी, ओडिशा और दिल्ली भी जलेंगे। नॉर्थ ईस्ट भी चुप नहीं रहेगा। यूपी-बिहार भी चुप नहीं रहेगा। केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए सीएम ने कहा कि बंगाल के गरीब लोग ढाकी, धामसा मादोल, आदिवासी नृत्य, लोक शिल्पी और बाउल से रोजगार करते हैं।
इससे उनका घर चलता है, लेकिन केंद्र सरकार ने इन्हें बंद कर दिया है। ये हम नहीं होने देंगे। हम पीएम की कुर्सी हिला देंगे। वहीं ममता बनर्जी की चेतावनी पर असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने एक्स पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि दीदी, आपकी हिम्मत कैसे हुई असम को धमकाने की? हमें लाल आंखें मत दिखाइए। आपकी असफलता की राजनीति से भारत को जलाने की कोशिश भी मत कीजिए। आपको विभाजनकारी भाषा बोलना शोभा नहीं देता।