देश में बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-डीजल की दरों में लगातार हो रही वृद्धि के विरोध में प्रदेश कांग्रेस की ओर से शुरू किए गए जन जागरण अभियान के तहत मंगलवार को कुटलैहड़ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने झलेड़ा में प्रभात फेरी निकाली। मंगलवार को सुबह से ही कार्यकर्ता हाथों में कांग्रेस पार्टी के झंडे लेकर निकले और प्रभात फेरी निकालकर केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। जन जागरण अभियान का शुभारंभ जमासनी माता मंदिर बैरी से शुभारंभ किया गया। इस दौरान कांग्रेस कमेटी के प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर और जिलाध्यक्ष रणजीत राणा विशेष रूप से उपस्थित रहे। महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का जन जागरण अभियान प्रदेश में 29 नवंबर तक चलेगा। गौरतलब है कि देश में बढ़ती महंगाई पेट्रोल डीजल की दरों में वृद्धि के खिलाफ प्रदेश कांग्रेस प्रत्येक जिले और विधानसभा क्षेत्रों में पदयात्रा निकाल रही है।
कुटलैहड़ कांग्रेस कमेटी के ब्लॉक अध्यक्ष विवेक शर्मा ने कहा कि आजादी के कई दशकों बाद भी कुटलैहड़ की जनता पिछड़ेपन का दंश झेल रही है। कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में पिछले 30 वर्षों से भाजपा सत्तासीन होते हुए भी विकास नहीं करवा पाई। जनता आज भी मूलभूत सुविधाओं जिसमें पानी, सड़कें, बिजली, घर-द्वार रोजगार से महरूम हैं। इस दौरान जिला कांग्रेस के अध्यक्ष रंजीत सिंह राणा, कुलदीप कुमार, देशराज गौतम, धर्मेंद्र पटियाल, कमलदेव पठानिया, विजय डोगरा, दविंद्र भुट्टो, सुदर्शन बबलू, उर्मिला शर्मा, सत्या देवी, मदन मोहन सैनी, कर्म चंद शर्मा, देशराज मोदगिल, परवीन दुआ, मोहिंद्र सिंह, कंचन रानी, मुनीश बैंस, दौलत राम, तरसेम लाल, गुरदीप सिंह गोगी, ओम प्रकाश, राजेश धीमान व शोभित आदि उपस्थित रहे।
कुलदीप राठौर गरजे
कांग्रेस कमेटी के प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि मोदी सरकार की गरीब विरोधी नीतियों के कारण 23 करोड़ लोग गरीबी रेखा के नीचे चले गए हैं। ऐसे में हम जन जागरण अभियान आरंभ कर रहे हैं। पार्टी के कार्यकर्ता अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचेंगे और महंगाई के मुद्दे पर उन्हें जागरूक करेंगे।