कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व दिवस के 50 साल के स्वर्णिम जयंती समारोह देश की राजधानी दिल्ली में भी आयोजित किए जा रहे हैं। ये कार्यक्रम हिमाचल प्रदेश सरकार और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली क्षेत्र में कार्यरत 36 हिमाचली संस्थाओं द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किए जा रहे हैं। भावना यह है कि देश की राजधानी दिल्ली में देश और दुनिया के विभिन्न हिस्सों के नागरिकों को पूर्ण राज्यत्व प्राप्त करने के बाद विभिन्न सरकारों द्वारा हिमाचल को देश के एक समृद्ध राज्य के रूप में विकसित करने की गाथा को प्रदर्शित किया जा सके।
हिमाचल मित्र मंडल नई दिल्ली के मुख्य संरक्षक किशोरी लाल शर्मा के अनुसार, इस कड़ी में पहला आयोजन रविवार, 14 नवंबर को चित्रकला प्रतियोगता के रूप में आयोजित किया जाएगा। इसमें तीन समूहों में विभिन्न आयु वर्ग के बच्चे चित्रकला के माध्यम से हिमाचल के विकास, हिमाचल की समृद्ध संस्कृति, पर्यटन स्थलों, पहाड़ों, नदियों सहित हिमाचल के सभी पहलुओं को पेंटिंग के माध्यम से उजागर करेंगे। इस प्रतियोगिता में अब तक 100 बच्चों ने अपना पंजीकरण करवाया है। उन्हें आशा है कि इस पेंटिंग प्रतियोगिता में लगभग पांच सौ बच्चे भाग लेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की पत्नी मल्लिका नड्डा, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की पत्नी मृदुला ठाकुर व ललित कला अकादमी के उपाध्यक्ष डॉक्टर नंद लाल ठाकुर इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित होंगे।
हिमाचल मित्र मंडल नई दिल्ली के मुख्य संरक्षक किशोरी लाल शर्मा ने बताया कि स्वर्णिम हिम महोत्सव कार्यक्रम की कड़ी में स्वर्णिम हिम मैराथन आगामी पांच दिसंबर ,हिमाचल ज्ञान गोष्ठी 26 दिसंबर को, स्वर्णिम हिमाचल समारोह आगामी 16 जनवरी को आयोजित किए जाएंगे जिसमे हिमाचल सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक आदि भी भाग लेंगे। गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश 15 अप्रैल 1948 को अस्तित्व में आ गया था लेकिन उसे पूर्ण राज्य का दर्जा 25 जनवरी,1971 को मिला था।


