शिक्षा की आड़ में नशे का कारोबार किस तरह से फल फूल रहा है। इसका खुलासा रविवार को हुआ है। चिट्टे के साथ पकड़ा गया 21 वर्षीय माधव बीटेक की ट्रेनिंग के लिए सुंदरनगर आया था। अच्छे परिवार से संबंध रखने वाला यह युवक पंजाब से ही इसे खरीदकर लाया। अब इसे आगे बेचना था या किसे देना था, पुलिस इसकी छानबीन कर ही है। इससे पहले पूर्व प्रधान के बेटे को 77 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ा था। लुधियाना के रहने वाला माधव कोहली बीटेक के दूसरे सेमेस्टर का छात्र है। धनोटू में उसे प्रशिक्षण दिया जा रहा था। लाकडाउन के बाद वह पंजाब से यहां आया था।
प्रारंभिक पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि 20 हजार रुपये में 32.7 ग्राम चिट्टा लेकर आया था। ऐसे में किसी के गले से यह बात नहीं उतर रही है। अब पुलिस चिट्टे की जांच तो करवाएगी ही साथ ही यह पता लगाएगी कि इसे लाने के लिए कहीं माधव को अन्य लोगों ने भी पैसे तो नहीं दिए थे। इसके लिए माधव सुंदरनगर में जहां रहता है वहां के उसके साथियों से भी पूछताछ हो सकती है।


