
धर्मशाला/ राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक(नाबार्ड) ने 26 अक्तूबर को ई-शक्ति परियोजना को लागू किया। इस परियोजना का शुभारम्भ मुख्य अग्रणी प्रबंधक, पंजाब नैशनल बैंक हरविंदर सिंह ने किया। नाबार्ड के जिला अग्रणी प्रबंधक अरूण कुमार खन्ना ने बताया कि स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को ई-शक्ति परियोजना के साथ जुड़ने से भारत सरकार की डिजिटल इंडिया मुहिम को बढ़ावा मिलेगा। इस परियोजना से जहां महिलाओं को लाभ मिलेगा वहीं उनके परिवार की आर्थिक स्थिति भी सुदृढ़ होगी। उन्होंने बताया कि कांगड़ा के लिए यह गौरव की बात है कि नाबार्ड महिलाओं को आगे बढ़ने में हर संभव सहयोग कर रहा है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह की महिलाएं अब डिजिटल रूप में अपने खाते का अनुरक्षण कर सकेंगी। उन्होंने बताया कि मंडी के बाद नाबार्ड ने जिला कांगड़ा में ई-शक्ति परियोजना को लागू किया है। जिला कांगड़ा में इस परियोजना को पूरा करने का दायित्व चिन्मय ग्रामीण विकास संस्थान (कॉर्ड) व ग्रामीण सेवा आश्रम को दिया गया है। खन्ना ने बताया कि नाबार्ड ने इस परियोजना को देश भर के 100 जिलों में लागू करने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने बताया कि सभी स्वयं सहायता समूहों का इस परियोजना के साथ जुड़ने के उपरांत स्वयं सहायता समूहों का डाटा एक पोर्टल पर उपलब्ध रहेगा।