भारी बारिश से एनएच-03 और धर्मपुर-जोगिंदरनगर मार्ग करीब तीन से चार घंटे बाधित

Date:

पारच्छु ढांक, रड़ा और कांढापतन पुल के पास सड़क पर आया मलबा व पत्थर; एनएच निर्माण कंपनी और लोक निर्माण विभाग ने जेसीबी लगाकर बहाल किया यातायात
धर्मपुर (मंडी)। धर्मपुर उपमंडल में रविवार को हुई भारी बारिश के कारण दो प्रमुख सड़क मार्गों पर यातायात करीब तीन घंटे तक प्रभावित रहा। लगातार बारिश के चलते एनएच-03 जालंधर-मंडी-अटारी वाया धर्मपुर-कोटली मार्ग पर पारच्छु ढांक के पास तथा धर्मपुर-जोगिंदरनगर मार्ग पर रड़ा और कांढापतन पुल के समीप सड़क पर मलबा व पत्थर आने से यातायात बाधित हो गया।
बारिश के कारण सड़क पर अचानक मलबा आने से दोनों मार्गों पर वाहनों की आवाजाही रुक गई। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लगने से वाहन चालकों और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही संबंधित विभागों और निर्माण कंपनी ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए मार्ग बहाल करने के लिए मशीनरी मौके पर भेजी।
एनएच-03 पर एनएच निर्माण कार्य कर रही कंपनी की ओर से जेसीबी मशीनें लगाकर सड़क पर आए मलबे और पत्थरों को हटाने का कार्य शुरू किया गया। वहीं, धर्मपुर-जोगिंदरनगर मार्ग पर लोक निर्माण विभाग धर्मपुर ने भी जेसीबी मशीनों की सहायता से मलबा हटाकर यातायात बहाल करवाया।
करीब तीन से चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों प्रमुख मार्गों को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया। मार्ग बहाल होने के बाद वाहन चालकों ने राहत की सांस ली। हालांकि, बारिश को देखते हुए विभागीय कर्मचारियों और निर्माण कंपनी की मशीनरी को सतर्क रखा गया है, ताकि दोबारा मलबा आने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
एसडीएम धर्मपुर जोगिंदर पटियाल ने बताया कि भारी बारिश के कारण एनएच-03 के पारच्छु ढांक तथा धर्मपुर-जोगिंदरनगर मार्ग के रड़ा और कांढापतन पुल के पास यातायात बाधित हुआ था। संबंधित विभागों और एनएच निर्माण कार्य कर रही कंपनी ने जेसीबी मशीनें लगाकर मलबा हटाया और दोनों बाधित सड़कों को यातायात के लिए बहाल कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि लगातार हो रही बारिश के दौरान लोगों को सावधानी बरतने की आवश्यकता है। पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के दौरान अचानक सड़क पर पत्थर व मलबा आने की आशंका बनी रहती है, इसलिए वाहन चालक मौसम और सड़क की स्थिति को ध्यान में रखते हुए ही यात्रा करें।
स्थानीय लोगों पवन कुमार, हंसराज, रमेश कुमार, तिलक राज, सुनील कुमार, विनय कुमार ने मार्गों को शीघ्र बहाल करने के लिए एनएच निर्माण कंपनी और लोक निर्माण विभाग की कार्रवाई की सराहना की। लोगों का कहना है कि समय रहते मशीनरी मौके पर पहुंचने से लंबे समय तक यातायात बाधित होने से बच गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

BPL चयन के लिए पात्र परिवारों को अंतिम अवसर, 20 सितंबर तक करें आवेदन

धर्मपुर (मंडी) ग्राम पंचायत के सभी पात्र परिवारों के...

कांढापतन के पास भूस्खलन से धर्मपुर-जोगिंदर नगर सड़क करीब तीन घंटे रही बाधित

बारिश रुकने के बाद लोक निर्माण विभाग ने जेसीबी...