धर्मपुर (मंडी)।
धर्मपुर विकास खंड में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के लिए एक दिवसीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन का शुभारंभ खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) धर्मपुर सौरभ ठाकुर ने किया। कार्यक्रम में मंडी से एलडीएम चन्द्रप्रकाश ने विशेष रूप से शिरकत की और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को बैंकिंग सेवाओं तथा सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की।
सम्मेलन के दौरान एलडीएम चन्द्रप्रकाश ने महिलाओं को बैंकों के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों को मिलने वाली विभिन्न प्रकार की सहायता, ऋण सुविधाओं, क्रेडिट लिंकेज तथा अन्य बैंकिंग योजनाओं के बारे में अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। समूहों की महिलाएं बैंकिंग सुविधाओं और सरकार की ओर से संचालित योजनाओं का लाभ उठाकर अपने छोटे-छोटे व्यवसायों को आगे बढ़ा सकती हैं तथा परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर सकती हैं।
उन्होंने महिलाओं को बैंक खातों के संचालन, डिजिटल बैंकिंग, ऑनलाइन लेन-देन और बैंकिंग सेवाओं का सुरक्षित तरीके से इस्तेमाल करने की जानकारी भी दी। इसके साथ ही सम्मेलन में साइबर क्राइम और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव को लेकर भी जागरूक किया गया। महिलाओं से आग्रह किया गया कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी, ओटीपी, एटीएम पिन अथवा अन्य संवेदनशील जानकारी साझा न करें और संदिग्ध लिंक या कॉल से सावधान रहें।
एलडीएम ने कहा कि सरकार की ओर से महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। ऐसे में समूहों को इन योजनाओं की जानकारी लेकर पात्रता के अनुसार उनका लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने महिलाओं को बैंक से मिलने वाली सुविधाओं का सही उपयोग करने तथा समय पर बैंकिंग प्रक्रियाएं पूरी करने के लिए भी प्रेरित किया।
इस अवसर पर धर्मपुर ब्लॉक कोऑर्डिनेटर कमलेश गुलेरिया भी उपस्थित रहीं। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों के कार्यों और महिलाओं की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि समूहों के माध्यम से महिलाएं आपस में जुड़कर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा दे रही हैं। उन्होंने महिलाओं से सम्मेलन में दी गई जानकारियों को अपने-अपने समूहों की अन्य सदस्यों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
सम्मेलन में उपस्थित स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने बैंकिंग, सरकारी योजनाओं, क्रेडिट लिंकेज और साइबर सुरक्षा से जुड़ी जानकारियों को उपयोगी बताते हुए कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम उन्हें योजनाओं का लाभ लेने और अपने समूहों को मजबूत करने में काफी मददगार साबित होते हैं। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने और सुरक्षित बैंकिंग को अपनाने का संदेश दिया गया। धर्मपुर की विभिन्न पंचायतों में थाना बरोटी, बनेहरडी, पैहड, कुम्हारडा, सरसकान, सिधपुर, बहरी व स्योह के स्वयं सहायता समूह उपस्थित रहे।


धर्मपुर ब्लॉक में स्वयं सहायता समूहों का एक दिवसीय सम्मेलन सम्पन्न बैंकिंग सेवाओं, सरकारी योजनाओं और साइबर क्राइम से बचाव की दी महत्वपूर्ण जानकारी
Date:


