आवाज़ जनादेश / न्यूज़ ब्यूरो शिमला
हिमाचल प्रदेश में जगह-जगह भूस्खलन से कई सड़कें ठप हैं। इससे लोगों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। कई भागों में बारिश का दाैर लगातार जारी है। बुधवार सुबह 10:00 बजे तक राज्य में दो नेशनल हाईवे सहित 385 सड़कें बाधित रहीं। 263 बिजली ट्रांसफार्मर व 220 जल आपूर्ति योजनाएं भी प्रभावित हैं। आपदा प्रभावित मंडी जिले में सबसे अधिक 251 सड़कें, 128 बिजली ट्रांसफार्मर व 62 जल आपूर्ति स्कीमें प्रभावित हैं। कुल्लू जिले में 78 सड़कें ठप हैं।
इतने दिन बरसेंगे बादल
बीते 24 घंटों के दाैरान मनाली में 57.0, सराहन 37.5, घमरूर 36.2, नगरोटा सूरियां 32.2, अघार 30.6, मुरारी देवी 29.4, गुलेर 27.4, बिलासपुर 27.0, भराड़ी 25.2, काहू 24.2 व बरठीं में 23.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के कई भागों में 29 जुलाई तक बारिश जारी रहने का पूर्वानुमान है। 27 से 29 जुलाई तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मानसून में अब तक 1471 कच्चे-पक्के घर क्षतिग्रस्त
प्रदेश में इस मानसून सीजन में 20 जून से 22 जुलाई तक 135 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। 224 लोग घायल हुए हैं। 34 लोग अभी भी लापता हैं। इस दाैरान 59 लोगों की सड़क हादसों में माैत हुई है। बादल फटने, भूस्खलन, बाढ़ से अब तक 1471 कच्चे-पक्के घरों, दुकानों को क्षति हुई है। 1037 गोशालाएं भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। 1327 पालतु पशुओं की माैत हुई है। नुकसान का कुल आंकड़ा 1,24,736.71 लाख रुपये पहुंच गया है।
किन्नाैर कैलाश यात्रा फिर शुरू
मौसम की अनुकूल स्थिति तथा यात्रा मार्ग पर बहाली कार्यों के पूर्ण हो जाने के कारण किन्नाैर कैलाश यात्रा बुधवार को फिर से आरंभ कर दी गई है। भारी बारिश के चलते यात्रा को रोका गया था। आज माैसम खुलने से यात्रा बहाल कर दिया गया है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि यात्रा के दौरान प्रशासन की ओर से जारी सभी दिशा-निर्देशों और सुरक्षा उपायों का पालन करें।


