आवाज जनादेश / न्यूज ब्यूरो शिमला
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार के विरुद्ध सोशल मीडिया पर टॉयलेट टैक्स और समोसा पॉलिटिक्स के नाम पर दुष्प्रचार का अभियान छेड़ा गया है। आज विपक्ष उन पर व्यक्तिगत हमले भी कर रहा है, लेकिन वह इससे डरने वाले नहीं हैं। सीएम सुक्खू कुसुम्पटी में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार को शिमला जिला के कुसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र को 43.37 करोड़ की विभिन्न परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान सीएम ने कहा कि जब से कांग्रेस की विधानसभा में दोबारा 40 सीटें हुई हैं, तब से भाजपा नेता बौखलाए हुए हैं।
वर्तमान राज्य सरकार कड़े फैसले ले रही है, जिनके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रदेश की 70 प्रतिशत आबादी पर इन कड़े फैसलों का कोई असर नहीं होगा। उन्होंने कहा कि देशभर में हमारी गारंटियों की बात होती है, लेकिन पिछली भाजपा सरकार ने गरीब व्यक्ति का हक साधन सम्पन्न को दे दिया, इसकी चर्चा कहीं नहीं होती। सीएम ने कहा कि 6000 अनाथ बच्चों को मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना के तहत ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ के रूप में अपनाया गया है। विधवाओं के 27 वर्ष की आयु तक के 23 हजार बच्चों की शिक्षा का खर्च उठाने के लिए राज्य सरकार ने बजट में प्रावधान किया है। विधवाओं को घर बनाने के लिए तीन लाख रुपए के साथ एक लाख रसोई और शौचालय बनाने के लिए एक लाख रुपए की अतिरिक्त सहायता दी जाएगी।
खजाना खाली था, फिर भी सरकार ने बड़े काम किए
सीएम ने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार बनी, तो प्रदेश का खजाना खाली था और चुनाव से छह माह पहले 900 से ज्यादा संस्थान खोल दिए गए। वर्तमान सरकार द्वारा आवश्यकतानुसार नए स्कूल खोले जाएंगे। सरकार ने मनरेगा मजदूरों की दिहाड़ी में उल्लेखनीय 60 रुपए की वृद्धि की है, जिससे अब दिहाड़ी 240 से बढक़र 300 रुपए हो गई है। वर्तमान राज्य सरकार ने पहली ही कैबिनेट बैठक में 1.36 लाख कर्मचारियों की ओपीएस की मांग को पूरा किया। गाय के दूध के न्यूनतम समर्थन मूल्य को 45 रुपए तथा भैंस के दूध के न्यूनतम समर्थन मूल्य को 55 रुपए किया है। इसके अतिरिक्त प्रदेश सरकार प्राकृतिक खेती से उगाए गए गेहूं को 40 रुपए तथा मक्की को 30 रुपए प्रतिकिलो की दर से खरीद रही है। सीएम सुक्खू ने कहा कि हमने यह सब काम चुनावी लाभ के लिए नहीं किए, बल्कि इसलिए किए, ताकि गांव में रहने वाला व्यक्ति अच्छा जीवन जी सके।
अमित शाह से मीटिंग को आज दिल्ली जाएंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू मंगलवार को दिल्ली जा रहे हैं। वह मंगल और बुधवार को नई दिल्ली में दो महत्त्वपूर्ण कार्यक्रमों में भाग लेंगे। मंगलवार को दिल्ली के प्रगति मैदान में लगने वाले ट्रेड फेयर में हिमाचल पैवेलियन का शुभारंभ मुख्यमंत्री करेंगे। अगले दिन बुधवार को हिमाचल में प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान के बाद पोस्ट डिजास्टर नीड असेस्मेंट यानी पीडीएनए पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा बुलाई गई बैठक में मुख्यमंत्री शामिल होंगे। हिमाचल ने 2023 की बरसात में हुए नुकसान के बदले 9000 करोड़ से ज्यादा पोस्ट डिजास्टर नीड असेस्मेंट के तहत क्लेम किए हैं। पिछली बैठक में केंद्रीय गृह मंत्रालय ने हिमाचल सरकार को बताया था कि वित्त मंत्रालय ने कुछ आपत्तियां इस क्लेम पर लगाई हैं। इन आपत्तियों का जवाब भेज दिया गया था। अब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में होने जा रही इस बैठक में इस क्लेम पर अंतिम फैसला होगा। मुख्यमंत्री खुद इस बैठक में मौजूद रहेंगे।


