आवाज़ जनादेश \देव शर्मा देहा,शिमला:
जिला शिमला के अंतर्गत देहा पुलिस ने अपनी त्वरित कार्रवाई और तकनीकी मदद से बाइक चोरी के एक मामले को महज़ 24 घंटों के भीतर सुलझाने में कामयाबी हासिल की है। इस मामले में पुलिस ने चोरी हुई बाइक के साथ एक आरोपी को हरियाणा से गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, बीते बुधवार (04/09/2025) को देवेन्द्र शर्मा नामक व्यक्ति ने देहा थाने में अपनी बाइक (HP09C 1395) चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। देवेन्द्र शर्मा ठियोग के बलग गांव के रहने वाले हैं। शिकायत मिलते ही थाना प्रभारी देहा और उनकी टीम ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस टीम ने सबसे पहले बलग और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में एक व्यक्ति को चोरी हुई बाइक लेकर ठियोग की तरफ जाते हुए देखा गया। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साधनों की मदद से बाइक और आरोपी का पता लगाया। पुलिस को पता चला कि आरोपी बाइक लेकर हिमाचल से बाहर हरियाणा की तरफ चला गया है।
बिना समय गंवाए देहा पुलिस की एक टीम ने हरियाणा के लिए रवाना होकर महज 24 घंटे के भीतर आरोपी और चोरी हुई बाइक दोनों को ढूंढ निकाला। पुलिस ने आरोपी सचिन सिंह (24) को गिरफ्तार किया है, जो उत्तर प्रदेश के बरेली जिले का रहने वाला है।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि इस तरह के अन्य मामलों का भी पता लगाया जा सके। देहा पुलिस की इस सराहनीय कार्रवाई की काफी प्रशंसा हो रही है।
देहा पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाई बाइक चोरी की गुत्थी, एक गिरफ्तार
Date: