आवाज़ जनादेश / न्यूज़ ब्यूरो शिमला
डाॅ. सिकंदर कुमार, राज्यसभा सांसद ने केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। इस दौरान डाॅ. सिकंदर ने जिला चम्बा की अति दुर्गम घाटी पांगी के चैहणी जोत में सुरंग निर्माण को लेकर चर्चा की और उन्हें एक मांग पत्र सौंपा।डाॅ. सिकंदर कुमार ने केन्द्रीय मंत्री को बताया कि पांगी वासियों का दैनिक जीवन काफी कठिनाईयों से भरा है। इस घाटी में लोगों के लिए मूलभूत सुविधाएं न के बराबर हैं। वहां न तो सड़कों की हालत अच्छी है और न ही वहां कोई उचित स्वास्थ्य सुविधा है जिससे उन्हें अपने कार्यों को करवाने व बेहतर स्वास्थ्य सुविधा के लिए चम्बा मुख्यालय आना पड़ता है और सर्दियों में यहां के हालात और भी विकट हो जाते हैं क्योंकि पांगी घाटी पहुंचने के लिए लगभग 15000 फीट ऊंचे साच पास से होकर आना पड़ता है जोकि भारी बर्फबारी के कारण साल के 6 महीने बंद रहता है। ऐसी स्थिति में यदि पांगी वासियों को चम्बा आना हो तो वाया जम्मू या फिर लाहौल-स्पिति, अटल टनल रोहतांग, मनाली, कुल्लू होते हुए 500-700 किलोमीटर लम्बा सफर तय करना पड़ता है जो पांगी के लोगों के लिए जहां काफी महंगा साबित होता है वहीं उनका समय भी अधिक लगता है। ऐसे में चैहणी जोत में सुरंग के बनने से यहां के लोगों का जीवन बेहतर हो सकेगा और वे साल के 12 महीने चम्बा मुख्यालय से जुड़े रहेंगे।डाॅ. सिंकदर कुमार ने मांग पत्र के माध्यम से पांगी वासियों की चिरलम्बित मांग को पूरा करने आग्रह केन्द्रीय मंत्री से किया। केन्द्रीय मंत्री गडकरी ने इस मांग पत्र पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए इस कार्य हेतु केन्द्र सरकार की ओर से हर संभव सहायता एवं सहयोग का आश्वासन दिया। गडकरी ने बताया कि वे स्वयं भी पांगी गए हैं और वहां की कठिन भोगौलिक परिस्थितियों से अवगत हैं। उन्होनें कहा कि इस सुरंग के निर्माण के लिए संबंधित विभाग को जल्द ही डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए जाएंगे। उन्होनें कहा कि इस सुरंग के निर्माण से पांगी के लोगों का भी जीवन बेहतर होगा साथ ही यह सुरंग देश की सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण साबित होगी।गौरतलब है कि गत 10 मार्च, 2025 को भी राज्यसभा सांसद डाॅ. सिकंदर कुमार ने चैहणी जोत में सुरंग निर्माण का मुद्दा सदन में उठाया था और वे लगातार हिमाचल प्रदेश के विकास एवं प्रगति से जुड़े विभिन्न विषयों व मुद्दो को सदन में उठा रहे हैं।


