आवाज़ जनादेश / न्यूज़ ब्यूरो शिमला
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश भाजपा के नेता अन्य राज्यों में स्वार्थ की राजनीति के लिए भ्रामक दुष्प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अन्य राज्यों में जाकर प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ झूठे आंकड़े प्रस्तुत कर प्रदेश के हितों के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। वास्तविकता यह है कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने अपने दो वर्ष के कार्यकाल के दौरान पूर्व भाजपा सरकार के मुकाबले उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर को हिमाचल के हितों की अनदेखी करने के बजाय राज्य सरकार के समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए आरंभ की गई विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की सराहना करनी चाहिए। भाजपा नेताओं के राजनीतिक उद्देश्यों की पूर्ति के लिए की जा रही अनाप-शनाप बयानबाजी से प्रदेश की छवि पर विपरीत प्रभाव पड़ सकता है।
रोहित ठाकुर ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने अपने दो वर्ष के कार्यकाल में कई गारंटियों से भी आगे बढक़र कार्य किया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने दस में से पांच गारंटियों को पूरा कर दिया है और शेष को भी चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 1.36 लाख सरकारी कर्मचारियों को पुरानी पेंशन सुविधा बहाल की गई है, युवाओं के लिए 680 करोड़ रुपए की राजीव गांधी स्टार्ट-अप योजना शुरू की गई है और पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई की व्यवस्था की गई है। वर्तमान सरकार द्वारा फलों के समर्थन मूल्य में रिकॉर्ड स्तर पर बढ़ोतरी की गई और बागवानों की अदायगी समयबद्ध सुनिश्चित की गई है।
किसानों-बागबानों के लिए योजनाएं चला रही सरकार
रोहित ठाकुर ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान किसानों को दी जाने वाली कीटनाशक और फफूंदनाशक पर दी जाने वाली सबसिडी बंद कर दी गई थी। वर्तमान सरकार द्वारा इसे बहाल किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार के कार्यकाल में सेब की पैकिंग के लिए यूनिवर्सल कॉर्टन की व्यवस्था आरंभ की गई है। बागवानों ने सरकार के इस कदम की सराहना की है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने शिक्षा विभाग में 15000 पदों को भरने की स्वीकृति दी है।