आवाज जनादेश/ न्यूज ब्यूरो शिमला
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सेशन का आज 7वां दिन है. आज सदन में कुल 88 सवाल लिस्टेड हैं. वहीं, आज विधानसभा में संजौली में मस्जिद के अवैध निर्माण का मामला भी गूंजेगा। विधायक बलवीर वर्मा और हरीश जनारथा ने नियम 130 के तहत चर्चा की मांग की है।विधानसभा का मानसून सत्र 27 अगस्त से 9 सितंबर तक चलेगा।
कांगड़ा को चूर्ण की गोलियां दे रहे सीएम सुक्खू, राजनीतिक लाभ के लिए बनाया टूरिज्म कैपिटल:जयराम ठाकुर
सदन में प्रश्नकाल के दौरान भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने सवाल पूछा कि कांगड़ा को जो टूरिज्म कैपिटल घोषित करने की बात कही गई है, क्या इसकी अधिसूचना जारी की गई है? जिसके जवाब में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि टूरिज्म के लिए सरकार इंफ्रास्ट्रक्चर को डेवलप कर रही है। बजट में जब घोषणा हो जाती है तो अधिसूचना की जरूरत नहीं होती है! ये स्कीम बजट में आ गई है। जो इसमें सुविधाएं चाहिए, उसकी बाद में अधिसूचना जारी की जाएगी।
जिस पर जयराम ठाकुर ने कहा कि कांगड़ा को पर्यटन राजधानी बनाना केवल राजनीतिक लाभ लेने तक ही सीमित है। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार को बने हुए 20 महीने हो चुके हैं। अभी तक इस दिशा में कोई काम नहीं हुआ है।नेता प्रतिपक्ष ने सीएम से कहा, “आप कांगड़ा को चूर्ण की गोलियां दे रहे है।कांगड़ा के महत्व को समझते हुए सरकार क्या ठोस कदम उठा रही है। आप सिर्फ बातें करते रहेंगे, जमीनी स्तर पर काम कब करेंगे। पर्यटन राजधानी केवल शब्दों में नहीं होनी चाहिए, धरातल पर भी कुछ होना चाहिए।
सदन मे बोले सीएम सुक्खू- “ओक ओवर में पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के लगाए पौधे का संरक्षण मैं खुद कर रहा हूं”
हिमाचल विधानसभा के मानसून सत्र के 7वें दिन की कार्यवाही शुरू हो गई है। सदन में प्रश्नकाल शुरू हो गया है।भाजपा विधायक रणधीर शर्मा ने सदन में पौधों का संरक्षण न किए जाने का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि पौधों के लिए जालियों का प्रावधान सिर्फ कागजों में ही होता है। इस साल जंगलों में आगजनी में पौधों की सुरक्षा 0 फीसदी रही है।
जिसके जवाब में सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि पौधों के संरक्षण के लिए वन मित्रों की भर्ती कर रही है।ये नौकरी अस्थाई तौर पर दी जाएगी। जो जंगलों में आगजनी की घटनाओं को भी देखेंगे। सीएम सुक्खू ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने ओक ओवर में पौधा लगाया है, उसका संरक्षण में खुद कर रहा हूं।