कोलकाता प्रकरण पर हमलावर बीजेपी ने मांगा सीएम का इस्तीफा
आवाज जनादेश/न्यूज ब्यूरो शिमला
कोलकाता डॉक्टर बलात्कार और हत्या के मामले में भाजपा राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर हमलावर है। इस बीच, केंद्रीय मंत्री और बेगूसराय से सांसद गिरिराज सिंह ने बंगाल में कानून व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए सीएम ममता से इस्तीफा मांगा है। गिरिराज सिंह ने पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी के बारे में कहा कि यह बहुत अजीब है और मैं हैरान हूं। बंगाल में कानून व्यवस्था खराब है, मुख्यमंत्री (ममता बनर्जी) स्वास्थ्य मंत्री हैं, कानून व्यवस्था उनके हाथ में है और वह सत्ता में हैं। अगर वह इसे नहीं संभाल सकतीं तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए, अगर उन्हें सत्ता से नहीं हटाया गया तो बंगाल दूसरा बांग्लादेश बन जाएगा।
हड़ताल के बहाने ब्वायफ्रेंड के साथ घूमो
कोलकाता। कोलकाता के आरजी कर अस्पताल में पोस्टग्रेजुएट ट्रेनी डॉक्टर के साथ बलात्कार और हत्या के बाद देश भर में डॉक्टरों की हड़ताल जारी है। इस बीच तृणमूल कांग्रेस के सांसद अरूप चक्रवर्ती ने एक विवादित बयान दिया है। सांसद ने एक रैली में डॉक्टरों को चेतावनी दी है कि देश भर में अगर जनता का गुस्सा उनपर फूटा तो वह डॉक्टरों को नहीं बचाएंगे। अरूप चक्रवर्ती ने रविवार को पश्चिम बंगाल के बांकुरा में एक रैली के दौरान यह बयान दिया है। इंडियन एक्सप्रेस ने अरूप चक्रवर्ती के हवाले से बताया कि आंदोलन के नाम पर आप घर जा सकते हैं या अपने ब्वॉयफ्रेंड के साथ घूम सकते हैं। अगर आपकी हड़ताल की वजह से कोई मरीज मर जाता है और जनता का गुस्सा फूटता है तो हम आपको नहीं बचाएंगे।