आवाज जनादेश/न्यूज ब्यूरो शिमला
बॉलीवुड की जानीमानी अभिनेत्री मनीषा कोईराला आज 54 वर्ष की हो गईं। नेपाल के काठमांडू में 16 अगस्त 1970 को जन्मी मनीषा कोइराला के दादा विशेश्वर प्रसाद कोइराला के दादा नेपाल के प्रधानमंत्री रह चुके हैं। मनीषा कोईराला ने अपने सिने करियर की शुरूआत वर्ष 1989 में प्रदर्शित नेपाली फिल्म फेरी भेटुला से की। इस फिल्म में मनीषा ने छोटी सी भूमिका निभाई थी। वर्ष 1991 में प्रदर्शित फिल्म सुभाष घई की फिल्म सौदागर से मनीषा कोइराला ने बतौर अभिनेत्री बॉलीवुड में पर्दापण किया।
फिल्म में मनीषा और विवेक मुसरान पर इलू इलू गीत फिल्माया गया था। इसके बाद मनीषा इंडस्ट्री में इलू इलू गर्ल के रूप में मशहूर हो गई। वर्ष 1994 में मनीषा कोईराला को विदु विनोद चोपड़ा की फिल्म 1942 ए लव स्टोरी में काम करने का अवसर मिला। इस फिल्म के लिए वह सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के फिल्म फेयर पुरस्कार से नामांकित की गई। वर्ष 1995 में प्रदर्शित फिल्म बांबे मनीषा कोइराला के करियर की महत्वपूर्ण फिल्मों में शुमार की जाती है। मणिरत्नम के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अपने दमदार अभिनय के लिए मनीषा सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के फिल्म फेयर क्रिटिक्स पुरस्कार से सम्मानित की गईं। वर्ष 1996 में प्रदर्शित फिल्म खामोशी मनीषा के करियर की एक और उल्लेखनीय फिल्म साबित हुई। संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बनी इस फिल्म के लिए मनीषा कोइराला को एक बार फिर से सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का फिल्म फेयर क्रिटिक्स पुरस्कार दिया गया।