आवाज जनादेश/न्यूज ब्यूरो शिमला
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को राज्यसभा में राहुल गांधी पर तीखे तंज कसे। राहुल गांधी ने बजट पर चर्चा के दौरान महाभारत का जिक्र करते हुए चक्रव्यूह की बात की थी। इसे लेकर शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राहुल गांधी ने महाभारत की भी बात की, तो उन्हें अधर्म ही नजर आया। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उनको याद भी आए तो शकुनि, चौसर और चक्रव्यूह। इन सभी का संबंध अधर्म से है। शकुनि तो धोखे के प्रतीक थे। चौसर में धोखे से ही हराया गया और चक्रव्यूह का मतलब घेरकर मारना। कांग्रेस को क्यों ये सब याद आते हैं। शिवराज ने कहा कि महाभारत काल में जब हम जाते हैं तो हमें भगवान श्रीकृष्ण याद आते हैं। जब-जब धर्म की हानि होगी, तब तब मैं आऊंगा, यह भगवान ने कहा था। मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम ने कहा कि यह पाप किसने बढ़ाया। कांग्रेस के बारे में क्या कहें। कांग्रेस के डीएनए में ही किसान विरोध है।
आरंभ से ही कांग्रेस की नीतियां गलत रही हैं। नेहरू जी रूस गए और वहां से एक मॉडल लाए और कहा कि इसे लागू करो। तब भारत रत्न चौधरी चरण सिंह ने कहा कि ऐसा न किया जाए। वह 17 साल पीएम रहे और लोगों को सड़ा हुआ लाल गेहूं खाना पड़ा, जो अमरीका से आया था। फिर इंदिरा जी के समय में किसानों से लेवी वसूली की गई। राजीव गांधी ने भी बातें कीं, लेकिन किसानों के कल्याण के लिए कोई कदम नहीं उठाए।