ससुराल जाने से इनकार करने पर एक पिता ने अपनी बेटी को मौत के घाट उतार दिया। जानकारी के अनुसार झारखंड में गिरीडीह जिले के देवरी थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह एक व्यक्ति ने अपनी बेटी की धारदार हथियार से हत्या कर दी। पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि महेशियादिघी गांव निवासी प्रभुनाथ सिंह की पुत्री मंजू (40) अपने पति के साथ रहने के बजाय मायके में रह रही थी, जबकि मंजू के पिता प्रभुनाथ सिंह कई बार बेटी को अपने ससुराल जाने के लिए कह चुके थे।
मंजू तीन बेटियों की मां थी और उसका ससुराल उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में था। मंजू अपने पति घनश्याम सिंह से पिछले कई महीनों से अलग रह रही थी। इसी बात को लेकर पिता प्रभुनाथ सिंह अपनी बेटी से नाराज था। सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार की रात प्रभुनाथ सिंह और मंजू के बीच झगड़ा हुआ। इसके बाद गुस्से में पिता प्रभुनाथ सिंह ने धारदार हथियार से बेटी मंजू की हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार करने के साथ ही हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है।