आवाज़ जनादेश/कुल्लू
कुल्लू स्थित केंद्रीय वस्त्र मंत्रालय के बुनकर सेवा केंद्र ने रविवार को औद्योगिक क्षेत्र शमशी के सामुदायिक भवन में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में सांसद रामस्वरूप शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित महिला बुनकरों को संबोधित करते हुए रामस्वरूप शर्मा ने कहा कि बुनकरों के उत्थान और कल्याण के लिए केंद्र सरकार ने कई महत्वपूर्ण योजनाएं आरंभ की हैं।
कुल्लू में भी बुनकर सेवा केंद्र के माध्यम से बुनकरों को कई सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। जिला के बुनकरों को इनका लाभ उठाना चाहिए। सांसद ने कहा कि बुनकर मुद्रा लोन, इंडिया हैंडलूम ब्रांड, ई-कामर्स, बुनकर बीमा योजना और अन्य सुविधाओं का लाभ उठाकर कुल्लू जिला के बुनकर अच्छी आय अर्जित कर सकते हैं। रामस्वरूप ने कहा कि हथकरघा के क्षेत्र में कुल्लू जिला के बुनकरों ने अपनी एक अलग पहचान बनाई है। इसके लिए वे बधाई के पात्र हैं।
इससे पहले सांसद और अन्य अतिथियों का स्वागत करते हुए बुनकर सेवा केंद्र कुल्लू के सहायक निदेशक अनिल साहू ने बताया कि केंद्र के माध्यम से बुनकरों को कई सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं तथा हथकरघा उत्पादों के विपणन के लिए कई कदम उठाए गए हैं। इस अवसर पर समारोह की विशिष्ट अतिथि एवं जिला उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक छिमे आंगमों ने महिला उद्यमियों के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। वस्त्र मंत्रालय के अधिकारी शिवाजी शिंदे ने ई-धागा और अन्य आधुनिक तकनीकों से अवगत करवाया। प्रोफेसर सीमा शर्मा महिला सशक्तिकरण एवं चुनौतियों पर प्रकाश डाला। जिला परिषद सदस्य प्रेमलता ठाकुर ने महिलाओं की उपलब्धियों पर अपने विचार रखे। राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त बुनकर कमला देवी और निशा देवी तथा महिला उद्यमी शिवानी ठाकुर ने अपने अनुभव साझा किए।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने डिजाइन प्रतियोगिता की विजेता बुनकरों को पुरस्कृत भी किया। समारोह में जिले भर से लगभग 200 महिला बुनकरों ने भाग लिया।
सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं बुनकर: रामस्वरूप शर्मा
Date:


