एमबीएस-बीडीएस को चली काउंसिलिंग प्रक्रिया, नाहन और नेरचौक मेडिकल कालेज भी पैक
शिमला – हिमाचल प्रदेश में स्थित मेडिकल व डेंटल कालेजों में प्रवेश के लिए काउंसिलिंग प्रक्रिया का दौर शुक्रवार से शुरू हो गया है। पहले चरण की काउंसिलिंग शुक्रवार को देर शाम तक शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई थी, वहीं शनिवार को 51 से 300 तक के रैंक वाले उम्मीदवारों की काउंसिलिंग प्रक्रिया पूरी की गई। बता दें कि शनिवार देर शाम तक एमबीएस, बीडीएस की काउंसिलिंग में मेडिकल कालेज आईजीएमसी, डा. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कालेज टांडा की सीटें उम्मीदवारों को मिल चुकी थीं। आईजीएमसी की जनरल कैटेगरी और टीएमसी की जनरल कैटेगरी की सीटें फुल हो गईं। इसके साथ नेरचौक और नाहन मेडिकल कालेज की सीटें भी फुल हो गई हैं। वहीं बाकी की काउंसिलिंग का दौर जारी रहा। प्रदेश भर से काफी संख्या में उम्मीदवार व उनके अभिभावक काउंसिलिंग में पहुंचे। लगभग अढ़ाई सौ उम्मीदवर काउंसिलिंग के लिए एचपीयू परिसर में पहुंचे। इसके अतिरिक्त यह काउंसिलिंग प्रक्रिया एचपीयू की साइट पर ऑनलाइन भी जारी की गई है। इससे उम्मीदवारों को काफी सहायता मिलने वाली है। हालांकि एचपीयू में चल रही काउंसिलिंग प्रक्रिया में उम्मीदवार के डाक्युमेंट्स आईडेंटीफाई करवाने के लिए काउंसिलिंग स्थल पर मौजूद होना अनिवार्य है। जिन छात्रों की काउंसिलिंग हो गई, उनकी ज्वाइनिंग की जानकारी ऑनलाइन प्राप्त की जा सकती है।
इन मेडिकल कालेजों के लिए इतनी सीटें
शिमला स्थित सरकारी डेंटल कालेज की 60, भुजिया डेंटल कालेज नालागढ़, हिमाचल डेंटल कालेज सुंदरनगर, एमएन डीएवी डेंटल कालेज सोलन में 60-60, जबकि हिमाचल इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल साइंस पांवटा साहिब में 100 सीटें आबंटित की जानी हैं। सेंट्रलाइज्ड काउंसिलिंग में प्रदेश के सरकारी मेडिकल कालेजों आईजीएमसी, डा. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कालेज टांडा, डा. वाईएस परमार मेडिकल कालेज नाहन, लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कालेज नेरचौक मंडी, पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कालेज चंबा और डा. राधा कृष्णन मेडिकल कालेज हमीरपुर में 120-120 सीटें भरी जानी हैं। सोलन के एकमात्र मेडिकल कालेज एमएमसी की 150 सीटें भरी जाएंगी।
आईजीएमसी, टीएमसी में सीटें फुल
Date:


