आवाज़ जनादेश शिमला : अतिरिक्त मुख्य सचिव वन तरूण कपूर की अध्यक्षता में कल शाम वन विभाग हिमाचल प्रदेश के मुख्यालय में वन्य प्राणी प्रभाग ने हिमाचल प्रदेश जू एंड कंजर्वेशन ब्रीडिंग सोसाइटी की गवर्निंग बोर्ड की बैठक का आयोजन किया। बैठक में वन्य प्राणी प्रभाग की सोसाइटी द्वारा किये जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई।
वन मंडलाधिकारी वन्य प्राणी शिमला, हमीरपुर, कुल्लू, सराहन एवं चम्बा ने गत वर्ष किये गए कार्यों का ब्योरा दिया तथा आने वाले वर्ष की कार्य योजना के बारे में अवगत करवाया। राज्य में चिड़ियाघर की स्थितियों को सुदृढ़ करने और हिमाचल प्रदेश की प्रमुख वन्य प्रजातियों के बारे में नवीनतम जानकारी जनता को उपलब्ध कराने के लिए, गवर्निंग बोर्ड ने कुफरी चिड़ियाघर में अत्याधुनिक 3-डी रंगमंच तैयार करने का निर्णय लिया है। राज्य के सभी चिड़ियाघरों में सार्वजनिक सुविधाएं प्रदान करने का भी निर्णय लिया गया। प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए ऑडियो-वीडियो के साथ-साथ राज्य के सभी चिड़ियाघर में बेहतर स्मारिका दुकान के माध्यम से बेहतर सुविधाएँ प्रदान करने का भी निर्णय लिया गया। बोर्ड ने चिड़ियाघर के सभी जानवरों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध करवाने के लिए स्थानीय बाजारों से उत्तम गुणवत्ता का आहार लेने के निर्णय लिया है।
इस बैठक में प्रधान मुख्य अरण्यपाल हिमाचल प्रदेश अजय कुमार, प्रधान मुख्य अरण्यपाल वन्य प्राणी हिमाचल प्रदेश डॉ. आर. सी. कंग, निदेशक छतबीड़ चिड़ियाघर (पंजाब) एम. सुधाकर, मुख्य अरण्यपाल वन्य प्राणी (मुख्यालय) नागेश गुलेरिया, मुख्य अरण्यपाल वन्य प्राणी शिमला सुशील कप्टा व वन्य प्राणी प्रभाग के क्षेत्रीय अरण्यपाल एवं वन मंडल अधिकारी भी उपस्थित थे।